बडवानी पोलीसने 35 दिन बाद पिता की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, ₹10 हजार का इनामी आरोपी जंगल से दबोचा…
इंस्टाग्राम पर परिवार को दे रहा था धमकी, आमलाली के दुर्गम जंगल में पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
बड़वानी || दि. 26 मई 2026 ||(समीर शेख)-: जिले में सनसनी फैलाने वाले पिता की हत्या के मामले में फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने 35 दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आमलाली क्षेत्र के दुर्गम जंगलों में छिपा हुआ था, जहां पुलिस ने सघन सर्च अभियान चलाकर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मंदिर की छत से कूदकर भागने का प्रयास भी करता रहा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र में एक युवक द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिस पर थाना कोतवाली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई तथा आरोपी पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चंदन पिता जगन बड़ोले (33 वर्ष), निवासी ग्राम पीछोड़ी ने आपसी विवाद के चलते अपने पिता की हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में छिपकर पुलिस से बचता रहा।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने बावनगजा एवं आसपास के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सघन सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने 21 अप्रैल 2026 को भी आरोपी की घेराबंदी की थी, लेकिन वह जंगल और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
इस दौरान आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़ित परिवार के घर पर 24 घंटे पुलिस सुरक्षा तैनात की गई थी।
इसी क्रम में 25 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आमलाली के जंगल क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान जंगल में स्थित एक मंदिर के पास आरोपी दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी मंदिर की छत से छलांग लगाकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, उप निरीक्षक रवि ठाकुर, प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह सहित थाना स्टाफ एवं साइबर टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना की है।
