गरीबों को आवास और पानी की मांग पर सेंधवा में उग्र प्रदर्शन, जनपद CEO पर पक्षपात के आरोप….
सेंधवा (बड़वानी) || दि. 26 मई 2026 || {समीर शेख} ग्राम पंचायत दुगानी के गरीब एवं पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा कनास्या फलिया में गहराते पेयजल संकट के स्थायी समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने जनपद पंचायत सेंधवा और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद (युवा प्रभाग) के जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी एवं जीतू भाद्ले ने किया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों में सेंधवा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। युवा जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी ने आरोप लगाया कि जनपद CEO सत्ताधारी दल भाजपा नेताओं के दबाव में कार्य कर रहे हैं, जिसके चलते ग्राम दुगानी के पात्र गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की भेदभावपूर्ण कार्यप्रणाली के कारण सैकड़ों गरीब परिवार पिछले पांच वर्षों से जर्जर एवं कच्चे मकानों में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
5 वर्षों से आवास के लिए भटक रहे ग्रामीण..
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि ग्राम दुगानी के कई गरीब परिवार ग्राम पंचायत से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक बार-बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद आज तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला। अधिकारियों ने ज्ञापन के दौरान जानकारी दी कि ‘आवास प्लस सर्वे 2024’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत दुगानी के 913 परिवारों का सर्वे कर पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है।
हालांकि राहुल सोलंकी ने चेतावनी देते हुए कहा कि, “जब तक हर पात्र गरीब परिवार को उसका अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे।”
कनास्या फलिया में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान..
ग्रामीणों ने कनास्या फलिया में गहराते पेयजल संकट को लेकर भी प्रशासन को घेरा। राहुल सोलंकी एवं जीतू भाद्ले ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए कई किलोमीटर दूर भटकना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर संवेदनशील नहीं है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द स्थायी जल व्यवस्था की मांग की।
अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी..
प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि ग्राम दुगानी के सभी पात्र परिवारों का पुनः सर्वे कर शीघ्र प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा कनास्या फलिया में पेयजल संकट का स्थायी समाधान किया जाए। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में जनपद पंचायत सेंधवा के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना एवं उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से जितू भाद्ले, विकास पवार, वेचन, फिका नारसिंग, आमलाल गाठिया, रुमालसिंग धनसिंग, ग्यारसीलाल, इदेश सोलंकी, हिरालाल डावर, सायसिंग, किश्ना पवार, थदु ठाकुर, अनिल सोलंकी, रासिराम ठाकुर, कालुसिंग गिरासे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
