कलेक्टर–एसपी ने सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती, अतिक्रमण हटाने और ब्लैक स्पॉट निरीक्षण के दिए निर्देश….
बड़वानी || 26 मई 2026 || (समीर शेख)-: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को गंभीरता से लेते हुए जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर जयति सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पदमविलोचन शुक्ल ने कहा कि जिले में विगत वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों एवं मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने बड़वानी, सेंधवा, अंजड़, राजपुर सहित शहरी क्षेत्रों में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नगर पालिका सीएमओ एवं पुलिस प्रशासन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर ऐसे क्षेत्रों का निरीक्षण करें, जहां आए दिन यातायात अवरुद्ध होने की समस्या बनी रहती है। साथ ही लोगों को समझाइश देकर स्थानीय स्तर पर बैठक आयोजित की जाए तथा सुझावों के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिले के कुल 14 ब्लैक स्पॉट्स को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन स्थलों का अनिवार्य निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि ब्लैक स्पॉट कब चिन्हित हुए थे, उस समय क्या कमियां थीं और अब तक कितना सुधार हुआ है। इस संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर और एसपी ने यह भी कहा कि जिन ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें सत्यापन के बाद बंद किया जाए तथा नए दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सूची में शामिल किया जाए।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी राकेश भूरिया, यातायात थाना प्रभारी सहित जिले के समस्त नगरीय निकायों के सीएमओ एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
