बड़वानी के विकास को नई दिशा: पानसेमल में खुलेगा पीजी कॉलेज, खेल मैदान बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स….

बड़वानी के विकास को नई दिशा: पानसेमल में खुलेगा पीजी कॉलेज, खेल मैदान बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स….

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक; शिक्षा, रोजगार, उद्योग, पर्यटन और नर्मदा घाट विकास को लेकर अहम फैसले

बड़वानी || 14 अगस्त 2026 || {समीर शेख}-: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को बड़वानी कलेक्टर कार्यालय के सभागार में जिला विकास सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में बड़वानी जिले के समग्र एवं दीर्घकालीन विकास को लेकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास, कृषि, उद्योग, रोजगार, पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहरों और नर्मदा तट के विकास सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले की विकास संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा शिक्षा और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

पानसेमल में खुलेगा पीजी कॉलेज

शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कक्षा 10वीं के परिणाम में 10 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं के परिणाम में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

जिले में विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 10 सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से तीन विद्यालय शुरू हो चुके हैं, जबकि शेष सात विद्यालयों को दिसंबर तक क्रियाशील करने का लक्ष्य रखा गया है।

पानसेमल क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा के विस्तार को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पानसेमल में पीजी कॉलेज खोलने पर सहमति प्रदान की। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी।

जिले में ऑनलाइन परीक्षा केंद्र की सुविधा

प्रतियोगी एवं अन्य ऑनलाइन परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और युवाओं को जिले में ही परीक्षा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने पूर्व में दी गई स्वीकृति के आधार पर जिले में ऑनलाइन परीक्षा केंद्र की सुविधा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईटीआई में शुरू होंगे रोजगारपरक कोर्स

युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आईटीआई में नए और रोजगारपरक ट्रेड शुरू करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा “परम” के तहत नए पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में आवश्यक जानकारी तैयार कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बड़वानी का खेल मैदान बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़वानी के खेल मैदान को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए। इससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।

रेल्वा औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर

बैठक में औद्योगिक विकास पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि रेल्वा औद्योगिक क्षेत्र को 75 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। यहां रोजगारपरक उद्योगों की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा जिले में फूड क्लस्टर विकसित कर फूड प्रोसेसिंग उद्योग को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

नर्मदा के चार घाटों के लिए 32 करोड़ के प्रस्ताव पर सहमति

मां नर्मदा के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व को देखते हुए नर्मदा तट के विकास पर विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले में नर्मदा नदी के चार घाटों के पुनर्निर्माण के लिए 32 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की।

सेंधवा किले के पुनरुद्धार के लिए 15 करोड़

जिले की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सेंधवा किले के संरक्षण एवं पुनरुद्धार के लिए 15 करोड़ रुपये तथा राजवाड़ा के पुनरुद्धार के लिए 1 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने सहमति दी। इन ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

नागलवाड़ी, बावनगजा और ईको टूरिज्म को बढ़ावा

बड़वानी जिले में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए नागलवाड़ी, बावनगजा सहित अन्य धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों पर चर्चा हुई। जिले के प्राकृतिक क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

सर्पदंश की घटनाओं को रोकने मैदानी अमले को मिलेगा प्रशिक्षण

जिले में सर्पदंश की घटनाओं को कम करने के लिए मैदानी अमले को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए। बैठक में बताया गया कि जिले में सर्पों की 14 प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें ‘बिग-4’ श्रेणी के चार विषैले सर्प भी शामिल हैं। पुलिस और संबंधित विभागों के माध्यम से सर्पदंश से बचाव एवं जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

कपास उत्पादन को मिलेगी नई गति

बड़वानी जिले की कपास आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। जिले में सक्रिय 12 जिनिंग इकाइयों को प्रोत्साहित करने तथा कपास की गुणवत्ता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी गई।

नेशनल कॉटन पॉलिसी के निर्धारित मानकों के अनुरूप जिले के कपास को ‘कस्तूरी कॉटन’ के रूप में विकसित करने के लिए तकनीकी उन्नयन और किसान संवाद चौपाल आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, करीब 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में हाई डेंसिटी प्लांटिंग सिस्टम के माध्यम से कपास उत्पादन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कपास उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार के लिए भोपाल में कार्यशाला आयोजित करने तथा उसमें जिले के किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केले के बायोमास से प्रीमियम रेशे और पेपर बनाने की संभावना

बैठक में जिले में केले के उत्पादन और उसके बायोमास के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। केले के बायोमास से प्रीमियम रेशे और पेपर उत्पादन के लिए गुजरात में बड़वानी के केले की मांग बढ़ने की जानकारी दी गई। कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादन को मूल्य संवर्धन से जोड़कर किसानों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।

वृंदावन ग्रामों से बढ़ेगा दुग्ध उत्पादन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वृंदावन ग्रामों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को एक-दूसरे से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में जिले के फार्मर रजिस्ट्री और सीमांकन कार्य में अच्छे प्रदर्शन की भी जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने जिले में कृषि, उद्योग, शिक्षा, कौशल विकास, खेल और पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों की संभावनाओं का समन्वित उपयोग कर विकास को गति देने की बात कही।

बैठक में प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल, पानसेमल विधायक श्री श्याम बरडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मण्डलोई, सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभागायुक्त इंदौर श्री भास्कर लक्षकार, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Call Us