जमीयत के काम में पारदर्शिता जरूरी, सवालों की जांच कर कार्रवाई का भरोसामहाराष्ट्र अध्यक्ष मौलाना हलीमुल्लाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- दस्तूर के मुताबिक चुनाव और चंदे का रिकॉर्ड उपलब्ध

धुलिया | वाहिद काकर
शनिवार। जमीयत उलेमा-ए-हिंद महाराष्ट्र के अध्यक्ष मौलाना हलीमुल्लाह ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में धुलिया जिला जमीयत की कार्यपद्धति, चुनाव प्रक्रिया, चंदे के हिसाब-किताब, कार्यालय व्यवस्था और पत्रकारों के साथ संवाद को लेकर उठे सवालों पर स्पष्टीकरण दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन जिला उर्दू पत्रकार संघ की मांग पर किया गया था।

धुलिया जिला अध्यक्ष पद पर लंबे समय से एक ही व्यक्ति के बने रहने के सवाल पर मौलाना हलीमुल्लाह ने कहा कि जमीयत के संविधान के अनुसार केंद्रीय और प्रांतीय अध्यक्ष पद के लिए आलिम होना जरूरी है, लेकिन स्थानीय इकाइयों में अध्यक्ष के लिए यह अनिवार्य नहीं है। उन्होंने लंबे कार्यकाल को सदस्यों के विश्वास और लोकप्रियता से जोड़ा।

चुनाव प्रक्रिया पर जांच का भरोसा: पत्रकारों ने आरोप लगाया कि जमीयत के चुनाव की सूचना सभी सदस्यों तक नहीं पहुंचती। इस पर उन्होंने कहा कि संविधान में मस्जिदों में ऐलान अथवा सूचना लगाने का प्रावधान है। यदि धुलिया में इसका पालन नहीं हो रहा है तो वे मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे।

चंदे के हिसाब-किताब पर उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड कार्यालय में उपलब्ध रहता है और संबंधित लोग वहां आकर जानकारी ले सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि राहत कार्यों के चंदे का विवरण मस्जिदों में लगाया जाता है तथा संबंधित रकम महाराष्ट्र जमीयत को जमा करने की रसीद भी रखी जाती है।

धमकी के आरोप पर जांच का आश्वासन: पत्रकार संघ अध्यक्ष ने जिला जमीयत पदाधिकारी पर धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए। मौलाना हलीमुल्लाह ने कहा कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी पहली बार मिली है। उन्होंने संबंधित दस्तावेज मांगे और जिला अध्यक्ष से भी बात कर तथ्यात्मक जांच के बाद उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने जमीयत और पत्रकारों के बीच बेहतर संवाद की जरूरत स्वीकार करते हुए कहा कि गलतफहमियां दूर करने के लिए नियमित संपर्क जरूरी है। साथ ही उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में जमीयत की छात्रवृत्ति, मेडिकल-इंजीनियरिंग सहायता और सोलापुर में प्रस्तावित अलग शैक्षणिक व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संगठन मुस्लिम युवाओं की शिक्षा और जरूरतमंदों की मदद के लिए उपलब्ध संसाधनों के अनुसार काम कर रहा है।

Call Us