पानसेमल में 82 दिव्यांगजनों को मिले सहयोगी उपकरण; विधायक श्याम बर्डे ने किया उपकरणों का वितरण..

पानसेमल में 82 दिव्यांगजनों को मिले सहयोगी उपकरण; विधायक श्याम बर्डे ने किया उपकरणों का वितरण..

पानसेमल/बडवानी || ता. 23 सप्टेंबर 2026 || (समीर शेख)-: सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को पानसेमल जनपद पंचायत परिसर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए सहयोगी उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्याम बर्डे ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की वयोश्री एवं एडीप योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को कुल 82 सहयोगी उपकरण वितरित किए।

कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना था। उपकरण प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। उन्होंने सरकार, प्रशासन एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों से उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी तथा आत्मनिर्भरता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

रद्द हुए शिविर को लेकर जताई थी नाराजगी

गौरतलब है कि सोमवार को आयोजित होने वाला उपकरण वितरण शिविर रद्द हो गया था। शिविर रद्द होने के कारण कई दिव्यांगजन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद परेशान होकर वापस लौट गए थे। इस मामले को लेकर जनपद अध्यक्ष शीला विनोद वसावे ने नाराजगी जताते हुए संबंधित व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

इस संबंध में विधायक श्याम बर्डे ने बताया कि वे वडनगर से वाराणसी जा रही बाइक रैली में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि उन्हें शिविर के आयोजन की जानकारी नहीं मिल पाई थी, जिसके कारण वे सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।

इसके बाद बुधवार को पुनः कार्यक्रम आयोजित कर चयनित लाभार्थियों को सहयोगी उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी भी दी और लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गए उपकरणों के उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।

Call Us