आयुक्त नितिन कापडनीस ने किया छात्रों का स्वागत, नए सत्र के पहले दिन नगर निगम स्कूल में उत्सव जैसा माहौल….

धुलिया ||16 जून 2026||{वाहिद काकर}-:महानगरनगर निगम आयुक्त नितिन कापडनीस ने सोमवार को पीएम श्री महानगरपालिका उर्दू केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-25, मौलवीगंज पहुंचकर नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। आयुक्त की मौजूदगी से विद्यालय परिसर में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।

नए सत्र के पहले दिन आयोजित “शाला शुभारंभ एवं नवागत स्वागत” कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ढोल-ताशों की गूंज और पुष्पगुच्छ भेंट कर आयुक्त नितिन कापडनीस सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और जिज्ञासा साफ झलक रही थी, वहीं अभिभावक भी बच्चों के पहले दिन के अनुभव को लेकर उत्साहित नजर आए।

आयुक्त नितिन कापडनीस ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने छात्रों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही महानगरपालिका की ओर से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

कार्यक्रम में नगरसेवक सऊद आबिद सरदार, स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष वाहेदाबी, उपाध्यक्ष जाहिद , सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। विद्यालय की मुख्याध्यापिका नूर जमाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों और गणवेश का वितरण भी किया गया। महानगरपालिका द्वारा नियुक्त विभाग प्रमुखों ने विभिन्न स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा विद्यालयों की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में वसीम राजा, फारूक सर, अली रजा सर सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच नए शैक्षणिक वर्ष का आगाज उत्सव जैसा रहा।

आयुक्त नितिन कापडनीस ने विश्वास जताया कि नया शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, संस्कार और सफलता के नए अवसर लेकर आएगा तथा महानगरपालिका विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता को और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Call Us