सेंधवा में भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय यादव का पुतला दहन, कांग्रेस विधायक और जयस संगठन ने जताया विरोध….
बड़वानी/सेंधवा || 23 सितम्बर 2025 || {समीर शेख}-: सेंधवा भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय यादव पर महिला पुलिस कर्मी से छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर आज शहर में भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस विधायक मोंटू सोलंकी, जयस संगठन और समर्थकों ने सेंधवा किला गेट चौराहे पर अजय यादव का पुतला जलाया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि भाजपा का असली चरित्र सामने आ गया है। एक ओर भाजपा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, और दूसरी ओर उसके ही पदाधिकारी महिलाओं से छेड़खानी करते हैं। उन्होंने मांग की कि दोषियों पर जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुभद्रा परमार ने भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जिले में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। खासकर आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की बात करती है, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है।
वहीं दूसरी ओर भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय यादव ने वीडियो जारी कर कांग्रेस पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे निर्दोष हैं और लगातार आदिवासी समाज के हितों के लिए काम कर रहे हैं, जिससे कांग्रेस बौखला गई है और उन्हें फंसाने की कोशिश कर रही है।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अजय यादव महिला प्रधान आरक्षक की गाड़ी के सामने स्कूटर रोकते हुए और बाद में उनकी गाड़ी में बैठते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो ने मामले को और तूल दे दिया है।
फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई है। स्थानीय संगठनों और कांग्रेस ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
