तेज आंधी और बारिश से किसानों की मक्का फसल बर्बाद, विधायक पहुंचे ग्रामीणों के बीच..

तेज आंधी और बारिश से किसानों की मक्का फसल बर्बाद, विधायक पहुंचे ग्रामीणों के बीच

बड़वानी || 29 सप्टेंबर 2025 ||(समीर शेख)-: बीती रात आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जोगवाड़ा में मक्का की खड़ी फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। कई किसानों की लगभग तैयार फसल 80 से 90 प्रतिशत तक बर्बाद हो गई है।

किसान वासुदेव ने बताया कि उन्होंने 12 एकड़ जमीन में मक्का बोया था, लेकिन आंधी और बारिश की वजह से करीब 90 प्रतिशत फसल चौपट हो गई। उन्होंने कहा कि “अब हमारी नजर सरकार की ओर है, हमें शीघ्र राहत राशि मिले ताकि नुकसान की भरपाई हो सके।” इसी तरह किसान कनसिंह डावर ने भी 5 एकड़ में बोई गई मक्का फसल के नष्ट होने की जानकारी दी।

नुकसान की खबर मिलते ही पानसेमल विधायक श्याम बर्डे प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने बताया कि ग्राम जोगवाड़ा के 12 से 15 किसानों की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। राजस्व और कृषि विभाग की टीमें नुकसान का सर्वे कर रही हैं। अब तक लगभग 15 एकड़ फसल का सर्वे पूरा हो चुका है, शेष किसानों का सर्वे कल तक पूरा कर लिया जाएगा।

विधायक बर्डे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी किसान सर्वे से वंचित न रहे। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि “कठिन घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है और सभी को उचित मुआवजा दिलाने के लिए मैं स्वयं निगरानी कर रहा हूं।”

Call Us