निरसपुर में मोबाइल टॉवर लगाने का विरोध तेज, ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत ने जारी किए निर्माण रोकने के आदेश…

निरसपुर में मोबाइल टॉवर लगाने का विरोध तेज, ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत ने जारी किए निर्माण रोकने के आदेश…

पानसेमल/बड़वानी ||दि. 23नवम्बर || (समीर शेख) -:ग्राम निरसपुर में मोबाइल टॉवर निर्माण को लेकर ग्रामीणों में तीव्र विरोध की लहर है। संभावित स्वास्थ्य दुष्प्रभाव और रेडिएशन के खतरे को ध्यान में रखते हुए ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत में लिखित शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों के विरोध को गंभीरता से लेते हुए पंचायत ने संबंधित पक्ष को सूचना पत्र जारी कर टॉवर निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम के आवेदक गुलाबसिंह चौधरी, हुकुमचंद हीरा राठौर और मुन्ना चौधरी ने अपने आवेदन में बताया कि श्रावण शंकर वाडिले एवं संजू वाडिले के निजी भूखंड पर पहले भी मोबाइल कंपनी ने टॉवर स्थापित किया था, जिससे गांव के लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा था। ग्रामीणों का कहना है कि घरों के पास लगे टॉवर से निकलने वाली रेडिएशन से स्वास्थ्य पर गंभीर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है, इस कारण पूर्व में भी निर्माण का जोरदार विरोध किया गया था।

आवेदकों का आरोप है कि विभाग द्वारा पहले रोक लगाने के बावजूद अब फिर से एयरटेल कंपनी का टॉवर उसी स्थान के पास लगाया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में गहरी चिंता उत्पन्न हो गई है। उन्होंने पंचायत से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी।

शिकायत प्राप्त होने के बाद पंचायत ने तेजी से कार्यवाही करते हुए तीन दिनों के भीतर अनुमति एवं संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं। मामले की प्रति अनुविभागीय अधिकारी पानसेमल, तहसीलदार कार्यालय तथा जनपद पंचायत पानसेमल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी भेजी गई है, ताकि आगे की विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि आवासीय क्षेत्र में मोबाइल टॉवर लगाने की अनुमति देना स्वास्थ्य के लिए घातक सिद्ध हो सकता है, इसलिए निर्माण पर स्थायी रोक लगाई जाए। अब गांव में सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Call Us