बड़वानी में अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई…..
नागलवाड़ी में किराना दुकान से 65.8 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
बडवानी ||दि.26 नवम्बर 2025 || (समीर शेख)-: बड़वानी जिले में अवैध मदिरा की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। जिला कलेक्टर जयति सिंह एवं उपायुक्त आबकारी इंदौर संभाग के निर्देशानुसार यह अभियान जारी है।
इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी आर. सी. बारोड़ तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश मण्डलोई के मार्गदर्शन में आज ग्राम नागलवाड़ी शिखर धाम गार्डन के सामने स्थित एक किराना दुकान पर छापामार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान आरोपी रमेश पिता बिसन डावर (उम्र 38 वर्ष) की दुकान से बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की गई।
जब्त सामग्री में— 45 पाव गोवा व्हिस्की, 56 पाव बैगपाइपर व्हिस्की, 31 पाव लंदन प्राइड वोडका, 103 पाव देशी मदिरा, 47 केन लेमांत बीयर
इस प्रकार कुल 65.8 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 34(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। इस प्रकरण से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।
उक्त प्रकरण की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त–राजपुर कमलेश बामनिया द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक के.एस. मागोंदिया, प्रधान आरक्षक दिलीप जायसवाल, आरक्षक प्रदीप भावसार, आरक्षक गंगा सोलंकी, सुदेश आचार्य, हुकुमचन्द्र पाटीदार एवं ईमलेश पवार उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
