महिला से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार; नगदी व मोटरसाइकिल जप्त..
राजपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो अलग-अलग लूट की घटनाओं का खुलासा
बड़वानी | 25 जनवरी 2026 | (समीर शेख)-: थाना राजपुर पुलिस ने महिला से लूट की सनसनीखेज घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना राजपुर क्षेत्र में महिला से नगदी छीनने की घटना को लेकर अपराध क्रमांक 46/26, धारा 304(2) भारतीय दंड संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। दिनांक 20 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे, फरियादी दुर्गा आस्के, जो माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं, ग्राम सालखेड़ा, रोझानी एवं इंद्रपुर से कलेक्शन कार्य पूर्ण कर स्कूटी से जुलवानिया जा रही थीं। इसी दौरान ग्राम इंद्रपुर-मोहनपुरा के सुनसान क्षेत्र में दो अज्ञात बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग झपट लिया। बैग में ₹40,840 नगद, टैबलेट, मशीन एवं कंपनी के आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे।
पुलिस की कार्रवाई घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना राजपुर एवं थाना नागलवाड़ी की संयुक्त विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। वैज्ञानिक, तकनीकी एवं मनोवैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने— विनोद पिता सरदार बड़ोले, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम इंद्रपुर, असलम पिता फैजु सैय्यद, उम्र 22 वर्ष, निवासी ईदगाह मोहल्ला, बड़वानी को ग्राम बंधान (बड़वानी) से गिरफ्तार किया।
बरामदगी गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल ₹11,000 नगदी बरामद की गई, जिसमें—विनोद से ₹5,000, असलम से ₹6,000 साथ ही घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है।
दूसरी लूट की घटना का भी खुलासा पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना नागलवाड़ी के अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 309(4) के अंतर्गत दर्ज एक अन्य मामले में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इस घटना में दिनांक 20.01.2026 को गवला घाटी मार्ग पर मुर्गी पालन व्यवसायी रईस अब्बास खान, निवासी सेंधवा से धमकाकर ₹1,12,000 से भरा बैग छीना गया था।
पुलिस के अनुसार दोनों घटनाओं का मुख्य आरोपी (मास्टरमाइंड) विनोद पिता सरदार बड़ोले है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर उक्त लूट की वारदातों को अंजाम दिया। अन्य आरोपी अनिल एवं गारदा की तलाश जारी है।
