हजारों कार्यकर्ताओं ने मनाया विधायक श्याम जी बरडे का जन्मोत्सव….

जन्मोत्सव पर उमड़ा जनसैलाब, हजारों कार्यकर्ताओं ने विधायक श्याम जी बरडे का किया भव्य स्वागत
पूजन, कार्यकर्ता सम्मेलन, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर और सफाई मित्रों के सम्मान सहित कई कार्यक्रम आयोजित

पानसेमल || दि. 07 जुलै 2026 || {समीर शेख}-: पानसेमल विधानसभा के विधायक श्याम जी बरडे का जन्मोत्सव सोमवार को जनविश्वास, संगठनात्मक एकजुटता और जनसेवा के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगरों से हजारों कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए। आयोजन के दौरान आदिवासी सांस्कृतिक नृत्य, ढोल-नगाड़ों, भारत माता और भाजपा के जयघोष से पूरा वातावरण उत्सवमय रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत पानसेमल स्थित मनकामेश्वर महादेव (शिव टेकरी) में पूजा-अर्चना से हुई। इस अवसर पर गौतम टेटवाल, सुरेंद्र शर्मा, सुमेर सिंह सोलंकी, बाबूलाल यादव, विधायक श्याम जी बरडे तथा अजय यादव ने भगवान भोलेनाथ का पूजन कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद शिव टेकरी सभागार में भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, सेवा कार्यों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

जन्मोत्सव के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वर्षा ऋतु में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।

नगर परिषद पानसेमल में नवनिर्मित श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्यान का लोकार्पण एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। उनकी 125वीं जयंती के अवसर पर गौ-पूजन तथा उनके जीवन पर आधारित प्रेरक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विधानसभा क्षेत्र की चारों नगर परिषदों के सफाई मित्रों का सार्वजनिक सम्मान रहा। विधायक श्याम जी बरडे ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र समर्पित जीवन देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए आगामी चुनावों में विजय का विश्वास व्यक्त किया।

अपने संबोधन में विधायक श्याम जी बरडे ने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता से मिला स्नेह उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को विधायक नहीं बल्कि क्षेत्र का जनसेवक मानते हैं और क्षेत्र का विकास, जनता की खुशहाली तथा अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने नरेंद्र मोदी एवं मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

जिला अध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर केंद्र सरकार तक जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।

कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सरपंच, जनपद सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, मातृशक्ति, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Call Us