राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने सेंधवा की जनसमस्याओं को लेकर सरकार को घेरा, वन अधिकार, शिक्षा, रोजगार व किसानों के मुद्दे उठाए…

राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने सेंधवा की जनसमस्याओं को लेकर सरकार को घेरा, वन अधिकार, शिक्षा, रोजगार व किसानों के मुद्दे उठाए…

बडवानी सेंधवा ||ता. 03 अगस्त 2026 || (समीर शेख)-: राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी, सेंधवा द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेश सरकार से जवाबदेही की मांग की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में वन अधिकार, शिक्षा, रोजगार, किसानों की समस्याएं तथा औद्योगिक विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत हजारों पात्र आदिवासी एवं वनवासियों के व्यक्तिगत तथा सामुदायिक दावे लंबे समय से लंबित हैं। सरकार से इन दावों का शीघ्र निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र के कई विद्यालय भवनविहीन अथवा जर्जर स्थिति में हैं। शिक्षकों के अनेक पद रिक्त हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रावासों की व्यवस्थाओं में भी सुधार की आवश्यकता बताते हुए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने प्रेस वार्ता में सेंधवा क्षेत्र से उद्योगों के पलायन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योग बंद होने से स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं। साथ ही किसानों की कपास आवक में आई कमी, कृषि क्षेत्र की समस्याओं तथा किसानों की आर्थिक स्थिति को लेकर भी सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की गई।

पार्टी नेताओं ने कहा कि विधानसभा में इन जनहित के मुद्दों को लगातार उठाया गया है, लेकिन सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने सरकार से मांग की कि सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के विकास, शिक्षा, रोजगार, किसानों और आदिवासी समाज से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए।

Call Us