अवैध गौवंश तस्करी पर नागलवाड़ी पुलिस का शिकंजा, 5.60 लाख की संपत्ति जब्त…

अवैध गौवंश तस्करी पर नागलवाड़ी पुलिस का शिकंजा, 5.60 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस को चकमा देकर भाग रहे तस्कर का पीछा कर दबोचा, सुपर कैरी वाहन सहित तीन बैल बरामद

बड़वानी || दि. 09 जुलाई 2026 || (समीर शेख)-: जिले में अवैध गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नागलवाड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सुपर कैरी वाहन से क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जा रहे तीन गौवंश (बैल) बरामद किए हैं। पुलिस ने वाहन सहित कुल 5 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का मशरूका जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गौवंश तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में नागलवाड़ी पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जुलवानिया की ओर से आ रहे सुपर कैरी वाहन क्रमांक MP-46-ZE-1518 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर टेमला–मातमुर मार्ग की ओर भाग निकला।

पुलिस टीम ने तत्काल पीछा कर ग्राम टेमला में राजेश चौहान के मकान के समीप वाहन को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन में तीन बैलों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सागर पिता मोहन शिंदे (26 वर्ष), निवासी दावलबैड़ी, थाना सेंधवा शहर बताया। उसने स्वीकार किया कि वह गौवंश को धार क्षेत्र से कम कीमत पर खरीदकर महाराष्ट्र के सांगवी में अधिक दाम पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सुपर कैरी वाहन, तीन बैल तथा पांच रस्सियों के टुकड़े जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 182/2026 दर्ज कर म.प्र. गोवंश प्रतिषेध अधिनियम, कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

सुपर कैरी वाहन – अनुमानित कीमत ₹5,00,000, तीन गौवंश (बैल) एवं पांच रस्सियां – अनुमानित कीमत ₹60,000, कुल जब्त मशरूका – ₹5,60,000, इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार पाटील के नेतृत्व में एएसआई संजय शर्मा, प्रधान आरक्षक अमरसिंह मण्डलोई, प्रेमसिंह बघेल तथा आरक्षक गगनसिंह मण्डलोई, मनोज बघेल और रोहित पाटीदार की सराहनीय भूमिका रही।

Call Us