छेड़छाड़ व धमकी के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने दबोचा, SC/ST एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज….

बड़वानी || ता.11 जुलाई 2026 || (समीर शेख)-: बड़वानी पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने छेड़छाड़, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को पीड़िता ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि पिछले कई दिनों से एक युवक उसका लगातार पीछा कर रहा था और उससे जबरन बात करने का प्रयास कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक दिन आरोपी उसके घर के सामने पहुंचकर अश्लील इशारे करने लगा।

जब पीड़िता के पिता आरोपी को समझाने पहुंचे तो आरोपी रमीज उर्फ रिंकू पिता जहूर खान (37 वर्ष), निवासी भारूड़ मोहल्ला, बड़वानी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का देकर गिरा दिया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं SC/ST एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 11 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया गया।

बड़वानी पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध “ऑपरेशन हवालात” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Call Us