जनजाति गौरव दिवस पर निवाली में भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली कार्यक्रम में हुए शामिल……
मुख्यमंत्री ने कहा– जनजातीय नायकों का बलिदान और आदर्श हमारी अमूल्य धरोहर, वन अधिकार पत्र के हितग्राहियों से किया संवाद
निवाली/बड़वानी || ता.15 नवम्बर 2026 || (समीर शेख)-: जननायक एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर बड़वानी जिले के निवाली नगर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली सम्मिलित हुए और अपने संबोधन के माध्यम से जनजातीय समाज को जनजाति गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जनजातीय महापुरुषों के त्याग, बलिदान, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि जनजातीय नायकों का बलिदान और उनके आदर्श हमारी अमूल्य धरोहर हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, परंपराओं और संस्कृति के प्रति जागरूक किया। उनका संघर्ष केवल स्वतंत्रता की लड़ाई तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के साथ टंट्या मामा, भीमा नायक, रघुनाथ शाह, शंकर शाह और रानी दुर्गावती जैसे महान जननायकों का योगदान देश के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। इन महान विभूतियों ने अपने साहस, संघर्ष और बलिदान से आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम एवं स्वाभिमान की प्रेरणा दी है। निवाली नगर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। उनका संघर्षपूर्ण जीवन और प्रकृति संरक्षण का संदेश आज भी संपूर्ण देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने वन अधिकार पत्र के हितग्राहियों से किया वर्चुअली संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामुदायिक वन संसाधनों की सुरक्षा एवं प्रबंधन अधिकार योजना के अंतर्गत ग्राम बोरकुंड के हितग्राही श्री बेरसिया मांगला तथा ग्राम डाबरी के श्री मनीराम नानला से वर्चुअली संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में पहली बार जनजातीय समुदाय को सामुदायिक वन संसाधनों की सुरक्षा एवं प्रबंधन के अधिकार प्रदान किए गए हैं। यह जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसी क्रम में व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र योजना के अंतर्गत ग्राम आमझिरी के हितग्राही श्री अकरभाई धनसिंह को 2.5 हेक्टेयर भूमि का व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र मिलने पर मुख्यमंत्री ने उनसे चर्चा की और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। हितग्राहियों ने वन अधिकार पत्र मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया।
जनप्रतिनिधियों ने किया भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण
जनजाति गौरव दिवस के मुख्य आकर्षण के रूप में निवाली नगर में भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, पानसेमल विधायक श्री श्याम बरडे, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, श्री सुरेंद्र शर्मा, श्री बाबूलाल यादव एवं नगर परिषद निवाली अध्यक्ष श्रीमती तरुणा नरेंद्र सिसोदिया द्वारा प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक नृत्यों ने बांधा समां
कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककला की आकर्षक झलक भी देखने को मिली। कस्तूरबा गांधी आश्रम, मॉडल स्कूल एवं खेल परिसर निवाली के विद्यार्थियों ने आदिवासी गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं ग्राम सांपखड़की के ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक मोरपंखी नृत्य ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंगीत और जनजातीय संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस गरिमामय कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत सिंह पटेल, पानसेमल विधायक श्री श्याम बरडे, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री जुलाल वसावे, नगर परिषद निवाली अध्यक्ष श्रीमती तरुणा नरेंद्र सिसोदिया, पानसेमल जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद वसावे, नगर परिषद पानसेमल अध्यक्ष श्री शैलेश भंडारकर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और सांस्कृतिक विरासत को याद करने के साथ ही समाज के अधिकारों एवं विकास के प्रति नई जागरूकता का संदेश दिया।
