बड़वानी पुलिस के ‘ऑपरेशन हवालात’ को बड़ी सफलता, 2023 से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार…
मारपीट व जान से मारने की धमकी के मामले में फरार आरोपी को सिलावद पुलिस ने जुनाझिरा से दबोचा, न्यायालय में पेश कर भेजा जेल..
सिलावद/बड़वानी || दि. 05 जुन 2026 || (समीर शेख)-: पुलिस अधीक्षक बड़वानी के निर्देशन में जिलेभर में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन हवालात’ के तहत थाना सिलावद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
वर्ष 2023 से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 नवंबर 2020 को थाना सिलावद क्षेत्र की एक फरियादिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी द्वारा उसके साथ अश्लील गालियां देकर मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर थाना सिलावद में अपराध क्रमांक 197/2020 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना पूर्ण होने के बाद पुलिस ने अभियोग पत्र माननीय न्यायालय बड़वानी में प्रस्तुत किया था। न्यायालय द्वारा आरोपी रमेश पिता गोपाल मानकर, निवासी ग्राम जुनाझिरा को कई बार समंस एवं वारंट के माध्यम से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, लेकिन आरोपी लगातार न्यायालय में पेश नहीं हुआ।
इसके चलते वर्ष 2023 में न्यायालय ने आरोपी के विरुद्ध स्थाई वारंट जारी किया था। तब से आरोपी फरार चल रहा था।पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर तथा एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी सिलावद उपनिरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।स्थाई वारंटी की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी रमेश अपने गांव जुनाझिरा आया हुआ है और जल्द ही फरार हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम जुनाझिरा में दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी, प्रधान आरक्षक (251) प्रवीण चौहान, आरक्षक (143) सुनील चौहान तथा आरक्षक (141) पारसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
