धरती आबा बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर छात्रावास में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित….
सेंधवा /बडवानी || दि.9 जून 2026 || (समीर शेख)-: धरती आबा महामानव शहीद बिरसा मुंडा जी की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शासकीय आदिवासी बालक महाविद्यालय छात्रावास, सेंधवा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा बिरसा मुंडा सहित अन्य शहीदों के छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने क्रमवार शहीद बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, बलिदान एवं आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए । विद्यार्थियों ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पोरलाल खर्ते, नेशनल कोऑर्डिनेटर, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी खरगोन-बड़वानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में ऐसे ऐतिहासिक कार्य किए, जिनसे आज भी देश प्रेरणा प्राप्त करता है। उन्होंने शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था, अंग्रेजी शासन तथा आदिवासियों पर हो रहे अन्याय, अत्याचार, दमन और शोषण के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने अपने जीवन के अंतिम क्षण तक अंग्रेजी सत्ता से कोई समझौता नहीं किया और अपने समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहे।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा पूर्ण कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें तथा संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा एवं सामाजिक न्याय के लिए संघर्षरत रहें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिरसा मुंडा को उनके बलिदान के 150 वर्ष बाद भी पूरा देश श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता है, उसी प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में ऐसे कार्य करने चाहिए, जिससे समाज उन्हें भी सदैव स्मरण रखे।
इस अवसर पर छात्रावास अध्यक्ष नितेश बर्डे, उपाध्यक्ष मांगीलाल चौहान, कोषाध्यक्ष संतोष नरगावे, सचिव रितेश डावर, सह सचिव जगदीश बंडोड़, संगठन प्रभारी रंजीत तरोले सहित बड़ी संख्या में छात्रावास के विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन गुटीराम सेनानी एवं आभार मांगीलाल चौहान ने व्यक्त किया।
