पानसेमल || ता. 19 जुलाई 2026 || (समीर शेख)-: पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विधायक श्याम जी बरड़े के सतत प्रयासों से मध्य प्रदेश शासन ने पानसेमल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल में उन्नत करने के लिए ₹15.65 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों ग्रामीण एवं आदिवासी नागरिकों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
भोपाल से स्वीकृति की खबर मिलते ही पानसेमल क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल का आभार व्यक्त किया। साथ ही विधायक श्याम जी बरड़े के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
पानसेमल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र रहा है। क्षेत्रवासी कई वर्षों से इसे 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल में उन्नत करने की मांग कर रहे थे। विधायक श्याम जी बरड़े ने इस मांग को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल से कई बार मुलाकात कर क्षेत्र की आवश्यकता से अवगत कराया। उनके निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप इस महत्वपूर्ण परियोजना को शासन की मंजूरी मिली है।

पानसेमल विधानसभा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र में आता है, जहां गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अक्सर दूरस्थ शहरों का रुख करना पड़ता था। नए 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल के निर्माण से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे माताओं, बुजुर्गों, महिलाओं और ग्रामीण मरीजों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा।
इस उपलब्धि पर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने विधायक श्याम जी बरड़े का अभिनंदन करते हुए इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
विधायक श्याम जी बरड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पानसेमल विधानसभा की प्रत्येक समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, पेयजल, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण योजनाओं के साथ पानसेमल विधानसभा विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। क्षेत्रवासियों ने 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल की स्वीकृति को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसे विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर करार दिया।
