जनसंवाद में सुनी गईं आमजन की समस्याएं, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का मौके पर हुआ निराकरण….

जनसंवाद में सुनी गईं आमजन की समस्याएं, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का मौके पर हुआ निराकरण….

पानसेमल/बड़वानी || ता.07 अगस्त 2026 || (समीर शेख)-: पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में थाना पानसेमल परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजपुर बी.एल. अटोदे ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को खुलकर अधिकारियों के समक्ष रखा। एसडीओपी श्री अटोदे ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करना भी है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन की दो लंबित शिकायतों का भी सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। इनमें एक शिकायत एल-1 तथा दूसरी एल-3 स्तर की थी। दोनों शिकायतों का समाधान शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ कराया गया, जिससे उपस्थित नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना की।जनसंवाद में मौजूद लोगों ने पुलिस की संवेदनशील, जनहितैषी एवं जवाबदेह कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है और उनका शीघ्र समाधान भी संभव हो पाता है।इस अवसर पर थाना प्रभारी विजय रावत, उप निरीक्षक माया अलावा सहित थाना पानसेमल का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।

पुलिस विभाग ने बताया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के जनसंवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

Call Us