टीएल बैठक छोड़ जुलवानिया पहुंचीं कलेक्टर जयंती सिंह, सैकड़ों बच्चों की सुनी शिकायतें…

टीएल बैठक छोड़ जुलवानिया पहुंचीं कलेक्टर जयंती सिंह, सैकड़ों बच्चों की सुनी शिकायतें…

एकलव्य विद्यालय जामली के छात्रों ने लगाए मूलभूत सुविधाओं की कमी और जातिसूचक शब्दों से प्रताड़ना के आरोप, प्रिंसिपल के खिलाफ जांच कमेटी गठित

सेंधवा बड़वानी || ता. 25 अगस्त 2026 || (समीर शेख)-: सेंधवा विकासखंड के एकलव्य आदर्श विद्यालय जामली के सैकड़ों छात्र-छात्राएं सोमवार को अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पैदल ही बड़वानी कलेक्टर से मिलने के लिए निकल पड़े। छात्रों के पैदल मार्च की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम, एसडीओपी और तहसीलदार ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के समक्ष रखने पर अड़े रहे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जयंती सिंह ने टीएल बैठक समाप्त होते ही जुलवानिया पहुंचने का निर्णय लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों को सुरक्षित रूप से जुलवानिया में रोका जाए। इसके बाद जुलवानिया कन्या हाई स्कूल परिसर में कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

स्मार्ट क्लास, पानी और भोजन को लेकर शिकायत..

छात्रों ने कलेक्टर को बताया कि हॉस्टल में उन्हें स्मार्ट क्लास, स्वच्छ पेयजल और गुणवत्तापूर्ण भोजन जैसी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से नहीं मिल रही हैं। छात्रों ने विद्यालय के प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित किया जाता है। छात्रों ने कहा कि वे इस तरह के व्यवहार को अब बर्दाश्त नहीं करेंगे।

प्रिंसिपल के खिलाफ जांच कमेटी गठित..

कलेक्टर जयंती सिंह ने छात्रों की सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जांच कमेटी द्वारा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि ये जिले के बच्चे हैं और प्रशासन की पूरी संवेदना उनके साथ है। बच्चों को बेहतर वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम करेगा। जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Call Us