निवाली में बनेगा 220 बालिकाओं का छात्रावास भवन; राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष ने किया शिलान्यास….
बड़वानी || 22 सितम्बर 2025 ||{समीर शेख}-: कस्तूरबा गांधी नेशनल ट्रस्ट, निवाली के प्रांगण में 220 बालिकाओं के लिए नए छात्रावास भवन का शिलान्यास राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर पानसेमल विधायक श्याम बर्डे, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, निवाली जनपद अध्यक्ष चतरसिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री आर्य ने कहा कि इस छात्रावास के निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन एसबीआई फाउंडेशन उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस भवन से क्षेत्र की बालिकाओं को बेहतर शिक्षा मिलेगी और वे अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
एसबीआई के महाप्रबंधक (आरक्षण सेल) रविद्र आर. पाटिल ने कहा कि एसबीआई समाज के वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और छात्रावास निर्माण उसी श्रृंखला का हिस्सा है। वहीं एसबीआई फाउंडेशन के प्रेसिडेंट जगरनाथ साहू ने कहा कि शिक्षा में निवेश किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य में निवेश है।
इंदौर में पदस्थापित एसबीआई के उपमहाप्रबंधक बिजय कुमार शामल ने भरोसा दिलाया कि इस पहल से छात्राओं की शिक्षा को नया प्रोत्साहन मिलेगा। छात्रावास के निर्माण की जिम्मेदारी ऐडेंट सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन को सौंपी गई है, जो पिछले 25 वर्षों से शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था के डायरेक्टर कुमार रणबीर ने उम्मीद जताई कि इस भवन से छात्राओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास आएगा।

कस्तूरबा गांधी नेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष करुणाकरण त्रिवेदी ने एसबीआई फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। संस्था की ओर से बोलते हुए पुष्पा बहन ने कहा कि यह भवन गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देगा।
कार्यक्रम का आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, जिसमें नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में एसबीआई फाउंडेशन की ओर से इस्पिता चौधरी और प्रवीण कुमार भी शामिल हुए।
