पानसेमल पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश…
बड़वानी/पानसेमल || दि.24 फरवरी 2026 || (समीर शेख)-:
बड़वानी जिले के थाना पानसेमल क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 फरवरी 2026 को फरियादी ने थाना पानसेमल में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक संदेही व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना पानसेमल में अपराध क्रमांक 34/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के लिए पुलिस महानिरीक्षक, ग्रामीण जोन इंदौर के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री धीरज बब्बर द्वारा “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उनके निर्देशन एवं एसडीओपी श्री आयुष कुमार अलावा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम के सतत प्रयासों से नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 64(1), 64(2)(एम), 87, 65(1) बीएनएस तथा 5एल/6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने आरोपी विष्णु पिता विक्रम जाधव निवासी टाकली को दिनांक 24 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक मंशाराम वगेन, उप निरीक्षक सुनील रघुवंशी, सहायक उप निरीक्षक मुकेश भालसे, आरक्षक 604 नवीन मेहता एवं महिला आरक्षक 319 सुनीता सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर आमजन में विश्वास मजबूत हुआ है।
