ऑपरेशन हवालात में बड़ी सफलता: 2 माह से फरार 6 आरोपी गिरफ्तार…
बड़वानी || 03 अप्रैल 2026 || (समीर शेख)-: जिला बड़वानी में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत थाना नागलवाड़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पिछले दो माह से फरार चल रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना नागलवाड़ी पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इसी क्रम में थाना नागलवाड़ी के अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 109(1) भा.न्या.सं. में विगत 2 माह से फरार आरोपियों- श्रीराम (28 वर्ष), संतोष (37 वर्ष), कांगड़ा (32 वर्ष), अंतरसिंह (24 वर्ष), भायला (42 वर्ष) एवं धरमसिंह (42 वर्ष), सभी निवासी ग्राम बघाड़ (जूना पटेलपुरा)—की तलाश की जा रही थी।
थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक माधवसिंह ठाकुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक माधवसिंह ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक संजय शर्मा, आरक्षक संदीप परमार, गुलाबसिंह मण्डलोई, चालक प्रेमसिंह बघेल, गगनसिंह मण्डलोई, मनोज बघेल, रोहित साल्वे एवं योगेश पाटील, साथ ही साइबर सेल बड़वानी की सराहनीय भूमिका रही।
