बड़वानी पुलिस में 41 एएसआई बने उप निरीक्षक, एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने स्टार लगाकर दी बधाई…

बड़वानी पुलिस में 41 एएसआई बने उप निरीक्षक, एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने स्टार लगाकर दी बधाई

बड़वानी || ता. 22 जुलाई 2026 || (समीर शेख)-: पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के तहत जिला बड़वानी पुलिस में पदस्थ 41 सहायक उप निरीक्षकों (ASI) को उप निरीक्षक (SI) पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बड़वानी में गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां पदोन्नत अधिकारियों को स्टार लगाकर सम्मानित किया गया।

समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर स्टार (बिल्ले) लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में जिला पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी श्री असद खान को भी उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने पर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने पदोन्नत अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति बढ़ी हुई जिम्मेदारी और नए संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी पदोन्नत अधिकारी अपने अनुभव और कार्यकुशलता के बल पर आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं प्रदान करेंगे तथा विभाग की गरिमा और जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने भी सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए नई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक बलदेव सिंह बिशेन सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और पदोन्नत अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Call Us