जुलवानिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ईको कार से 1.84 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त…….
शराब और वाहन सहित कुल 6.84 लाख रुपये का मशरूका जब्त; पुलिस को चकमा देकर चालक फरार, तलाश जारी
डायल-112 की सतर्कता से मिली अहम सूचना, थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई में पकड़ी गई अवैध शराब की बड़ी खेप
जुलवानिया/बड़वानी || ता. 20 नवम्बर 2026 || (समीर शेख)-: जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत जुलवानिया पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ईको कार से भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब एवं बीयर जब्त की है। पुलिस ने शराब और तस्करी में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 6 लाख 84 हजार 600 रुपये का मशरूका जब्त किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही कार चालक मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।
डायल-112 की सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 नवंबर 2026 को थाना जुलवानिया पुलिस द्वारा कस्बे में गश्त, वाहन चेकिंग एवं एबी रोड पर पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान डायल-112 पर ड्यूटी में तैनात आरक्षक क्रमांक 356 वीरेन्द्र बालके को सूचना मिली कि एबी रोड पर बकवाड़ी स्थित श्री शिव कृपा होटल के सामने एक संदिग्ध ईको कार खड़ी है, जिसमें अवैध शराब भरी हुई है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए जुलवानिया पुलिस टीम ने बिना देरी किए तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को मौके पर सफेद रंग की ईको कार क्रमांक MP09-DU-5072 लावारिस हालत में खड़ी मिली। बताया गया कि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
तलाशी में मिली शराब और बीयर की बड़ी खेप
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान ईको कार के अंदर विभिन्न ब्रांड की देशी-विदेशी शराब और बीयर बड़ी मात्रा में छिपाकर रखी हुई मिली। पुलिस ने मौके से कुल 12 बोतल, 1,388 पाव शराब तथा 328 बीयर केन जब्त किए। जब्त शराब एवं बीयर की अनुमानित कीमत 1 लाख 84 हजार 400 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की ईको कार, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है, तथा शराब को ढकने के लिए इस्तेमाल किए गए दो काले कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
इस प्रकार जुलवानिया पुलिस ने शराब, वाहन एवं अन्य सामग्री सहित कुल 6 लाख 84 हजार 600 रुपये का मशरूका जब्त करने में सफलता हासिल की।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, फरार चालक की तलाश
पुलिस के अनुसार, वाहन चालक के पास शराब के परिवहन एवं आधिपत्य से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। इस पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(2) के तहत अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस अब ईको कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
यह कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे के मार्गदर्शन में थाना जुलवानिया पुलिस टीम द्वारा की गई।
डायल-112 पर तैनात आरक्षक की सतर्कता और थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी जा सकी। पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही जा रही है।
