बिजली संकट से परेशान किसानों का फूटा आक्रोश, विधायक मोंटू सोलंकी ने चाचरिया पाटी बिजली ग्रिड का किया घेराव…..
अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम, बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसानों के साथ बड़े आंदोलन की चेतावनी
बड़वानी || ता. 20 नवम्बर 2026 || (समीर शेख)-: बड़वानी जिले के सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में किसानों की बिजली समस्या को लेकर अब आक्रोश सड़कों पर दिखाई देने लगा है। खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और बार-बार बिजली कटौती से परेशान किसानों का सब्र अब जवाब देने लगा है। किसानों की समस्याओं को लेकर सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने किसानों के साथ चाचरिया पाटी स्थित बिजली ग्रिड का घेराव कर बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।
किसानों ने बिजली की अनियमित आपूर्ति, बार-बार होने वाली कटौती और ग्रिड पर अधिक लोड की समस्या को लेकर विभाग के अधिकारियों के सामने अपनी परेशानियां रखीं। वहीं विधायक मोंटू सोलंकी और बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच बिजली व्यवस्था को लेकर तीखी बहस भी हुई।सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिलने से फसल पर संकटसेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में किसान इन दिनों बिजली संकट से जूझ रहे हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त समय तक बिजली नहीं मिल पा रही है। स्थिति यह है कि जैसे ही बिजली आती है, किसान पानी देने के लिए खेतों की ओर दौड़ पड़ते हैं, लेकिन खेत तक पहुंचने से पहले ही बिजली गुल हो जाती है।
इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।किसानों के अनुसार अब फसलों को बचाने के लिए केवल एक-दो सिंचाई का पानी ही शेष रह गया है। यदि समय रहते नियमित बिजली आपूर्ति नहीं की गई तो खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने का खतरा है। इतना ही नहीं, बिजली की अनियमित आपूर्ति के चलते कई किसान गेहूं की बोवनी तक नहीं कर पाए हैं। ऐसे में किसानों के सामने आर्थिक नुकसान का संकट भी गहराने लगा है।विधायक ने अधिकारियों से मांगा जवाबकिसानों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक मोंटू सोलंकी किसानों के साथ चाचरिया पाटी बिजली ग्रिड पहुंचे और ग्रिड का घेराव किया। इस दौरान विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों से सवाल किया कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं किया जा रहा है? जब चाचरिया पाटी ग्रिड पर अधिक लोड होने की समस्या पहले भी विभाग के संज्ञान में लाई जा चुकी है, तो अब तक इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाला गया?विधायक ने अधिकारियों के समक्ष किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि खेती पूरी तरह सिंचाई पर निर्भर है।
ऐसे समय में यदि किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलेगी तो उनकी मेहनत और लागत दोनों पर पानी फिर सकता है। दो दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनीघेराव के दौरान विधायक मोंटू सोलंकी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को तत्काल सुधारा जाए और किसानों को सिंचाई के लिए नियमित एवं पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के किसानों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।विधायक ने साफ किया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं ग्रिड पर मौजूद किसानों ने भी बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार करने की मांग की।
किसानों की मांग—
समय पर मिले पर्याप्त बिजलीचाचरिया पाटी बिजली ग्रिड पर हुए इस घेराव के माध्यम से किसानों ने विभाग को अपनी परेशानी से अवगत कराते हुए नियमित बिजली आपूर्ति, बार-बार होने वाली कटौती पर रोक और ग्रिड पर बढ़ते लोड की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
अब देखना होगा कि बिजली विभाग किसानों की इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी दूर करता है और दो दिन के अल्टीमेटम के बाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में कितना सुधार होता है।
