डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर ‘एक पेड़ कलाम के नाम’ अभियान गौसिया अकादमी एवं कादरिया फाउंडेशन की पहल, उस्मानिया पार्क में ट्री गार्ड सहित 25 पौधों का हुआ वृक्षारोपण…
जलगांव || ता. 27 जुलाई 2026 || {विठ्ठल भालेराव}-: भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार, 27 जुलाई को गौसिया अकादमी एवं कादरिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “एक पेड़ कलाम के नाम” अभियान के अंतर्गत मोहम्मदिया नगर स्थित उस्मानिया पार्क परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना तथा डॉ. कलाम के प्रकृति प्रेम, स्वच्छ एवं हरित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना था।

कार्यक्रम के दौरान पार्क परिसर में 25 छायादार एवं फलदार पौधों का ट्री गार्ड सहित रोपण किया गया। आयोजकों ने बताया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सभी पौधों के चारों ओर ट्री गार्ड लगाए गए, ताकि वे सुरक्षित रूप से विकसित होकर भविष्य में पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस दिशा में जिम्मेदारी निभाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

वक्ताओं ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के प्रेरणादायी व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में युवाओं को बड़े सपने देखने, राष्ट्र निर्माण में योगदान देने तथा प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उनका मानना था कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब विज्ञान, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ेंगे। इसी सोच को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में गौसिया अकादमी के फहीम महतो, शब्बीर चौहान एवं मुश्ताक भिस्ती, कादरिया फाउंडेशन के अध्यक्ष फारुक कादरी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, जलगांव के जिलाध्यक्ष मजहर पठाण, कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष जमील शेख, राष्ट्रवादी कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मोहसिन शेख, हुजेफ कादरी, इलियास शेख, अनंत परिहार, अरुणा पाटिल, अनीता कोली, सय्यद सादिक अली, करीम खान, हसन गौली, हाशिर पिंजरी, शोएब भाई, कासिम कादरी, फिरोज पिंजरी, रियाज काजी, यूनुस पेंटर सहित गौसिया अकादमी एवं कादरिया फाउंडेशन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित हो सके। सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
