वाहन चेकिंग के दौरान होमगार्ड जवान से मारपीट, सिर पर रॉड से किया वार; ट्रक छोड़कर चालक-हेल्पर फरार…
बड़वानी || ता . 15 अगस्त 2026 || (समीर शेख)-: जिले के बालसमुद आरटीओ चेक पॉइंट पर वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक चालक और हेल्पर द्वारा होमगार्ड जवान के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने जवान के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी ट्रक को नेशनल हाईवे पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार 12 अगस्त को बालसमुद आरटीओ चेक पॉइंट पर परिवहन विभाग के कर्मचारियों के साथ होमगार्ड जवान प्रमोद ठाकुर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक क्रमांक NL 01 AJ 0645 को जांच के लिए रोका गया। जब ट्रक चालक से वाहन के दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया, तो चालक और हेल्पर ने परिवहन कर्मचारियों एवं होमगार्ड जवान से बहस शुरू कर दी।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चालक व हेल्पर ने गाली-गलौज करते हुए होमगार्ड जवान के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने वाहन में रखी रॉड से जवान के सिर पर वार कर दिया। रॉड के वार से जवान प्रमोद ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए जुलवानिया के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया। परिवहन विभाग के अधिकारी कुलदीप भार्गव ने बताया कि जवान के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते इंदौर में उनका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल घायल जवान की स्थिति ठीक बताई जा रही है।
इधर, घटना के बाद ट्रक चालक और हेल्पर ट्रक को नेशनल हाईवे पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर बालसमुद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक और हेल्पर के खिलाफ मारपीट तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
