खेतिया मंडी में कपास की नीलामी का शुभारंभ…..

खेतिया मंडी में कपास की नीलामी का शुभारंभ…..

कपास का अधिकतम भाव ₹9,009 और मक्का ₹1,965 प्रति क्विंटल रहा; विधायक श्याम जी बर्डे ने पूजन कर किया शुभारंभ

खेतिया/बडवानी || ता.18 सप्टेंबर 2026 || (समीर शेख)-: कृषि उपज मंडी समिति खेतिया में 17 सितंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे कपास मंडी में कपास एवं मक्का की नीलामी का विधिवत शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय विधायक श्याम जी बर्डे ने पूजन-अर्चन कर नीलामी प्रक्रिया की शुरुआत की। इस अवसर पर पूर्व मंडी अध्यक्ष मनोहर जी पटेल, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेंद्र जी शितोले, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामचंद्र जी सोनिस, कॉटन एसोसिएशन अध्यक्ष दीपेश जी हसरोला, कमलजी अग्रवाल, किसान संघ प्रमुख यशवंत भिलाजी चौधरी, मंडी सचिव एल.एस. सेनानी सहित व्यापारी, किसान एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नीलामी के दौरान खेतिया निवासी किसान भरत राजू पवार की बैलगाड़ी से लाई गई कपास ₹8,705 प्रति क्विंटल के भाव पर गोवर्धन कोटेक्स, खेतिया द्वारा खरीदी गई। वहीं महाराष्ट्र निवासी किसान दत्तात्रेय जगन्नाथ की पिकअप से लाई गई कपास को ₹9,009 प्रति क्विंटल के अधिकतम भाव पर मिल्टल ग्लोबल इंडस्ट्रीज, खेतिया ने खरीदा।

इसी प्रकार भातकी निवासी कृषक बालकृष्ण गोविंद पाटील की मक्का उपज ₹1,810 प्रति क्विंटल के भाव पर नवनीत ट्रेडिंग कंपनी, खेतिया द्वारा खरीदी गई। नीलामी प्रक्रिया में मंडी के सभी व्यापारी बंधुओं ने भाग लिया।

70 वाहन कपास और 5 वाहन मक्का लेकर पहुंचे किसान

मंडी सचिव एल.एस. सेनानी ने बताया कि मंडी रिकॉर्ड के अनुसार नीलामी के दिन 70 वाहन कपास तथा 5 वाहन मक्का बिक्री के लिए मंडी प्रांगण में पहुंचे। कपास का अधिकतम भाव ₹9,009, मॉडल भाव ₹8,000 तथा न्यूनतम भाव ₹7,640 प्रति क्विंटल रहा। वहीं मक्का का अधिकतम भाव ₹1,965, मॉडल भाव ₹1,850 तथा न्यूनतम भाव ₹1,740 प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।

मंडी सचिव ने किसानों से अपील की कि वे अपनी कृषि उपज का विक्रय कृषि उपज मंडी समिति खेतिया के अधिकृत मंडी प्रांगण में ही करें। उन्होंने बताया कि किसानों को ₹1,99,999 तक की राशि का नगद भुगतान प्राप्त करने की सुविधा है। साथ ही किसानों से बिना लाइसेंस वाले व्यापारियों एवं बिचौलियों को अपनी उपज नहीं बेचने की अपील की गई।

Call Us