भोपाल में जनहितैषी भेंट: विधायक श्याम जी बरडे के प्रयासों से पानसेमल क्षेत्र की सिंचाई व बिजली परियोजनाओं को मिली नई गति…
भोपाल || दि.07ऑगस्ट 2025 || {समीर शेख}-: पानसेमल विधानसभा के जनप्रिय विधायक श्री श्याम जी बरडे ने विधानसभा सत्र के दौरान अपने क्षेत्र के महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात की। उन्होंने विकास कार्यों की शीघ्र स्वीकृति और क्रियान्वयन के लिए ठोस पहल करते हुए जल संसाधन मंत्री माननीय श्री तुलसी सिलावट एवं विद्युत मंत्री माननीय श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से भेंट की।
जल संसाधन मंत्री से मुलाकात में विधायक बरडे ने पानसेमल क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सिंचाई परियोजनाओं — सुसरी तालाब, मोगरी तालाब, कालाअम्बा तालाब, दोंदवाडा बैराज के निर्माण हेतु शीघ्र निविदा जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से हजारों किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी, कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मंत्री श्री सिलावट ने विषय की गंभीरता को समझते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद विधायक बरडे ने विद्युत मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से मुलाकात कर पानसेमल जनपद अंतर्गत स्वीकृत ‘पिपलोद ग्रीट’ कार्य को तत्काल प्रारंभ करने का अनुरोध किया। मंत्री महोदय ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का भरोसा दिलाया।
विधायक श्री श्याम जी बरडे की इन सक्रिय पहलों से वर्षों से लंबित विकास योजनाओं को नई दिशा मिली है। किसानों और नागरिकों में हर्ष का वातावरण है। क्षेत्रीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता ने विधायक जी के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रदेश सरकार और मंत्रियों का आभार व्यक्त किया।
जनहित और कृषक कल्याण के लिए विधायक बरडे की निरंतर सक्रियता पानसेमल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
