बलवाड़ी में विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया, रैली और आम सभा में उमड़ा जनसमूह…
बडवानी/सेंधवा ||दि.09 अगस्त 2025 || {समीर शेख} -: विधानसभा क्षेत्र के बलवाड़ी में शनिवार को विश्व आदिवासी दिवस बड़े उत्साह और पारंपरिक रंग-रूप के साथ मनाया गया। दोपहर करीब एक बजे आसपास के गांवों से आए लोग टोलियों के रूप में बलवाड़ी कृषि उपज मंडी में एकत्रित हुए। यहां से पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-मांदल की थाप पर विशाल रैली निकाली गई, जो बलवाड़ी बस स्टैंड, महात्मा गांधी चौक, वरला रोड, रामदेव बाबा मंदिर, धवली रोड होते हुए वापस कृषि उपज मंडी प्रांगण में पहुंची।
रैली में महिला, पुरुष, युवक-युवतियां और बच्चे नाचते-गाते शामिल हुए। कई युवाओं ने आदिवासी क्रांतिकारी योद्धाओं का रूप धारण कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आम सभा शुरू होने से पहले आदिवासी क्रांतिकारी योद्धाओं के चित्रों का पारंपरिक पूजन किया गया और स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए।
सभा में समाज के बुद्धिजीवी वक्ताओं ने कुरीतियों को दूर करने, आदिवासी संस्कृति को बचाने और इसके संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। इस अवसर पर सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी, पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत, राकेश रावत, शांताराम खरते, गीलदार कन्नौजे, शांतिलाल आर्य, अमीर आर्य, निलेश तरोले, सरपंच रूनीता कन्नौजे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पटेल, गांव पुजारा और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
