बालसमुद आरटीओ बैरियर पर चेकिंग अमले से मारपीट करने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार…
न्यायालय ने आरोपी को भेजा केंद्रीय जेल बड़वानी, क्लीनर की तलाश जारी
बड़वानी || 16 अगस्त 2026 || (समीर शेख)-: ए.बी. रोड स्थित बालसमुद आरटीओ बैरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग के अमले के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में बड़वानी पुलिस ने मुख्य आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 2026 की रात आरटीओ चेक प्वाइंट बड़वानी क्रमांक-01 (बालसमुद) पर परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक क्रमांक NL-01-AJ-0645 को चेकिंग के लिए रोका गया। आरोप है कि ट्रक चालक सुरजपाल एवं उसके क्लीनर ने चेकिंग अमले के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में परिवहन विभाग के एक कर्मचारी को गंभीर चोटें आईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना नागलवाड़ी में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 351(3), 221, 121(1), 132, 109(1) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने गठित की विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
चौकी बालसमुद एवं थाना नागलवाड़ी की संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी सुरजपाल पिता नत्थुलाल गंगवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम करमपुर, थाना वीरगंज, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया गया। वहीं, प्रकरण में शामिल दूसरे आरोपी क्लीनर की तलाश पुलिस द्वारा जारी है
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार पाटील, उप निरीक्षक कमलकिशोर चौहान, सहायक उप निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी बालसमुद संजय शर्मा, चालक प्रधान आरक्षक 369 प्रेमसिंह बघेल, आरक्षक 530 गगनसिंह मण्डलोई, आरक्षक 486 मनोज बघेल एवं आरक्षक 606 मोहन पाटीदार का उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान रहा।
